बोकारो में हाथियों का कहर, एक ही परिवार के तीन लोगों को कुचलकर मार डाला
Bokaro News: झारखंड में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला बोकारो जिले से सामने आया है, जहां हाथियों के एक झुंड ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान ले ली. यह दर्दनाक घटना गुरुवार तड़के करीब 3 बजे महुआडांड़ थाना क्षेत्र के बरकीपुन्नू गांव में हुई.
धान की तलाश में गांव पहुंचे थे हाथी
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, धान की तलाश में गांव में हाथियों के झुंड ने एक घर को नुकसान पहुंचाया. इसी दौरान घर में मौजूद तीन लोग जान बचाने के लिए बाहर निकले, लेकिन हाथियों ने उन्हें घर के बाहर ही कुचल दिया. मौके पर ही तीनों की मौत हो गई.
पीड़ित परिवार को मिलेगा मुआवजा
बोकारो के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर संदीप शिंदे ने बताया कि हाथियों का यह झुंड पिछले कई दिनों से बरकीपुन्नू और आसपास के इलाकों में घूम रहा था. मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गंगा कर्माली, उनकी 62 वर्षीय पत्नी कमली देवी और 65 वर्षीय भाभी भगिया देवी के रूप में हुई है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले 18 जनवरी को इसी महुआडांड़ थाना क्षेत्र में एक हाथी ने सब्जी बेचकर घर लौट रहे एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला था. लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.

