Ranchi : टेंडर घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार मंत्री आलमगीर आलम से ईडी और 5 दिनों तक पूछताछ करेगी. बुधवार को आलमगीर की रिमांड अवधि खत्म होने के बाद ईडी ने उसे दोबारा पीएमएलए स्पेशल कोर्ट में पेश किया. ईडी के वकील ने कोर्ट से आलमगीर आलम को 7 दिनों की और रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की इजाजत मांगी. आलमगीर के वकील ने इसका विरोध किया. इसके बाद कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड मंजूर कर दी है.
गौरतलब है कि 12 मई को मंत्री आलमगीर आलम के उप सचिव संजीव लाल के नौकर जहांगीर आलम के घर से 35.23 करोड़ रुपये कैश मामले में ईडी ने पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया था. टेंडर कमीशन घोटाला मामले में ईडी ने 5 मई को आलमगीर के अतिरिक्त सचिव संजीव लाल समेत छह लोगों के कुल नौ ठिकानों पर छापेमारी की थी. इस दौरान ईडी ने संजीव लाल के नौकर और बिल्डर मुन्ना सिंह के ठिकानों से कुल 35.23 करोड़ रुपये बरामद किए थे. इस मामले में कार्रवाई करते हुए ईडी ने 5 मई की देर रात आलमगीर आलम के निजी सचिव संजीव लाल और उनके सहायक जहांगीर आलम को गिरफ्तार कर लिया था.
