झारखंड में मौसम का दोहरा असर, दिन में गर्मी तो रात में कंपकंपी, रांची का पारा पहुंचा 10 डिग्री से नीचे
Jharkhand Weather: फरवरी के दूसरे सप्ताह में झारखंड का मौसम लोगों के लिए असहज होता जा रहा है. दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास हो रहा है, वहीं सुबह और शाम ठंडी हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है. तापमान के इस तेज उतार-चढ़ाव ने खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है.
रांची में बढ़ी ठंड, कांप रहे लोग
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 2 फरवरी को रांची का न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था. इसके बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई और यह 13 डिग्री के आसपास बना रहा. हालांकि, 7 फरवरी से अचानक मौसम ने करवट ली और न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई. रविवार को राजधानी का पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया, जबकि अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस बना रहा. इससे दिन और रात के तापमान में 14 से 15 डिग्री तक का अंतर देखने को मिल रहा है.
जिलों में कैसा रहेगा मौसम
पूर्वोत्तर झारखंड के देवघर, धनबाद, जामताड़ा और पाकुड़ में अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री के आसपास रह सकता है. गिरिडीह और दुमका में भी तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं.
उत्तर-पश्चिम झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा और पलामू में दिन का तापमान 29 से 31 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन रात में ठंड बरकरार रहेगी. यहां न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
रामगढ़-रांची में ठंड का असर जारी
मध्य झारखंड के बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और रांची में अधिकतम तापमान 25 से 30 डिग्री के बीच बना रह सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. दक्षिण झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में दिन के समय गर्मी ज्यादा महसूस होगी. यहां अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 14 डिग्री के आसपास रह सकता है.
14 फरवरी तक बारिश नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, 14 फरवरी तक पूरे झारखंड में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश के कोई आसार नहीं हैं. अगले एक-दो दिनों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, इसके बाद फिर से गिरावट दर्ज की जा सकती है. विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दिन और रात के तापमान में अंतर को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें.

