पलामू के लापता पुलिस जवान की निर्मम हत्या, देवघर श्रावणी मेला ड्यूटी के बाद से थे गायब
Palamu: पलामू जिले के चियांकी निवासी पुलिस जवान विजय उरांव का शव लेस्लीगंज के जंगल में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला. गुरुवार को पुलिस ने पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के जंगल से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया. व्यक्ति की पत्थर से कुचलकर हत्या की गई थी. बाद में शव की पहचान पुलिस जवान विजय उरांव के रूप में हुई. विजय उरांव पलामू के सदर थाना क्षेत्र के चियांकी का रहने वाला था. विजय उरांव पुलिस प्रशिक्षण केंद्र मुसाबनी में प्रशिक्षण ले रहा था. इसी क्रम में उसकी तैनाती देवघर श्रावणी मेला में की गई थी. पुलिस जवान देवघर में श्रावणी मेला में ड्यूटी के बाद से लापता था. पुलिस ने जवान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है.
विजय उरांव की पत्नी ने पुलिस को बताया है कि श्रावणी मेला के बाद से ही उनसे बात नहीं हो पा रही थी. बाद में उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका. साथी जवान भी विजय की तलाश में जुटे थे. पत्नी पूरे मामले को लेकर सीटीसी मुसाबनी भी गईं और शुक्रवार को पलामू पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मिलीं.
इस घटना के संबंध में लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि गुरुवार को बरामद शव की पहचान पुलिस जवान विजय उरांव के रूप में हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स रांची भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि जवान की गला दबाकर और पत्थर मारकर हत्या की गई है. मृतक की पत्नी ने पुलिस को कई बातों की जानकारी दी है और बताया है कि पुलिस जवान पिछले कई दिनों से लापता था.
