JHARKHANDLATEST NEWS

झारखंड में कैंसर इलाज को मिलेगी नई दिशा, सीएम से मिले वरिष्ठ वैज्ञानिक

Spread the love

Ranchi News: रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.वी.के. सुब्रमण्यम ने मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अपनी विकसित अत्याधुनिक कैंसर उपचार मशीन के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की. जी.वी.के. सुब्रमण्यम ने बताया कि यह उपकरण पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है और देश के साथ-साथ विदेशों के कई प्रतिष्ठित अस्पतालों में इसका सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है. उनके अनुसार, इस मशीन के जरिए कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं.

मुख्यमंत्री ने की पहल की सराहना

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस उपलब्धि को सराहनीय बताते हुए कहा, कि ऐसी तकनीकें कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती हैं. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक और स्वदेशी नवाचारों से इलाज की गुणवत्ता बेहतर होती है और मरीजों को समय पर प्रभावी उपचार मिल पाता है.

राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है. सरकारी अस्पतालों में आधुनिक जांच व उपचार सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि लोगों को इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े. उन्होंने यह भी कहा कि कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार गंभीर है और राज्य में ही उन्नत उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. इस अवसर पर विधायक राजेश कच्छप भी उपस्थित रहे.

वैज्ञानिक की उपलब्धियां

वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.वी.के. सुब्रमण्यम पनाशिया लिमिटेड, बेंगलुरु के प्रबंध निदेशक हैं. वे पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के साथ अनुसंधान कार्यों में सहयोग कर चुके हैं. उनके द्वारा विकसित कैंसर उपचार तकनीक को चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. मुख्यमंत्री और वैज्ञानिक के बीच हुई यह मुलाकात राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में नई संभावनाओं की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *