Budget 2026: झारखंड को मिला NIMHANS 2.0 का तोहफा, कैंसर की दवाएं होंगी सस्ती, ई-बसों और टूरिज्म को मिलेगा बूस्ट
Budget 2026 Jharkhand: रविवार का दिन झारखंड के लिए एक अहम मोड़ लेकर आया. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में राज्य को कई बड़ी योजनाओं की सौगात दी. स्वास्थ्य, शिक्षा, ट्रांसपोर्ट और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सेक्टर में किए गए ऐलानों से झारखंड को लंबे समय तक फायदा मिलने की उम्मीद है. सबसे बड़ी घोषणा रांची में NIMHANS 2.0 की स्थापना को लेकर रही, जिसे उत्तर भारत का सबसे बड़ा मेंटल हेल्थ सेंटर माना जा रहा है.
रांची में खुलेगा देश का दूसरा NIMHANS
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने साफ किया कि रांची में NIMHANS 2.0 स्थापित किया जाएगा. कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाद यह देश का दूसरा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान होगा. यह उत्तर भारत का पहला ऐसा सेंटर होगा, जहां मानसिक रोग और न्यूरोलॉजी से जुड़ा अत्याधुनिक इलाज उपलब्ध रहेगा. इस संस्थान के शुरू होने से झारखंड के साथ-साथ पूर्वी और उत्तरी भारत के मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा. NIMHANS 2.0 के साथ रांची मानसिक स्वास्थ्य और न्यूरो साइंस के क्षेत्र में देश का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा.
मिशन पूर्वोदय से विकास को मिलेगी नई रफ्तार
बजट 2026 में मिशन पूर्वोदय के तहत झारखंड समेत पांच राज्यों के पर्यटन स्थलों के विकास का रोडमैप पेश किया गया है. इसके साथ 4000 ई-बसें चलाने का प्रस्ताव भी रखा गया है. इससे न सिर्फ पब्लिक ट्रांसपोर्ट मजबूत होगा, बल्कि पर्यावरण के लिहाज से भी यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है. इस योजना में झारखंड के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और उत्तर आंध्र प्रदेश को शामिल किया गया है.
शिक्षा और स्किल ट्रेनिंग पर खास फोकस
बजट में शिक्षा सुधारों को लेकर भी बड़े फैसले लिए गए हैं. महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में STEM गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा की गई है. वहीं जनजातीय इलाकों में युवाओं के लिए नए स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोले जाएंगे. इन पहलों से झारखंड की छात्राओं और युवाओं को पढ़ाई और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे.
CIP को मिलेगा आधुनिक रूप
रांची स्थित करीब 100 साल पुराने केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान CIP के आधुनिकीकरण के लिए बजट में अलग से फंड का प्रावधान किया गया है. इसके तहत संस्थान में 500 नए बेड जोड़े जाएंगे. साथ ही एक आधुनिक न्यूरो-सर्जरी यूनिट भी शुरू की जाएगी. इससे राज्य में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता में बड़ा इजाफा होगा.
कैंसर मरीजों को बड़ी राहत
बजट 2026 में केंद्र सरकार ने कैंसर की 17 दवाओं पर कस्टम ड्यूटी हटाने का फैसला किया है. इससे कैंसर की दवाएं सस्ती होंगी और इलाज का खर्च कम होगा. ICMR के आंकड़ों के अनुसार झारखंड में हर साल 30 से 40 हजार नए कैंसर मरीज सामने आते हैं. इनमें ओरल, ब्रेस्ट, सर्वाइकल और फेफड़ों के कैंसर के मामले ज्यादा हैं. ऐसे में दवाओं की कीमत घटने से राज्य के लाखों मरीजों को सीधी राहत मिलेगी.

