बड़ी खबर: धनबाद में झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास पर बम हमला, इलाके में दहशत

Spread the love

inlive247 desk: झारखंड के धनबाद जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास सिंह मेंशन पर अपराधियों ने बम से हमला कर दिया. अज्ञात हमलावरों ने बंगले के अंदर और बाहर दो सुतली बम फेंके, जिनके तेज धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन धमाकों से आसपास के लोग दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकल आए.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सिटी और ग्रामीण एसपी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी सरायढेला थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया. सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल कड़ा कर दिया गया है. पुलिस के अनुसार पहला सुतली बम रात करीब 11:20 बजे बंगले के अंदर फेंका गया, जबकि दूसरा बम बाहर सड़क की ओर फेंका गया. दोनों धमाके लगभग एक ही समय पर हुए, जिससे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है.

काले रंग की थार से भागने का दावा, CCTV खंगाल रही पुलिस

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के बाद कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. वहीं समर्थकों ने काले रंग की थार गाड़ी से कुछ लोगों को भागते हुए और मोबाइल से रिकॉर्डिंग करते हुए देखने का दावा किया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top