INDIAJHARKHANDLATEST NEWSRANCHI

बड़ी खबर: चेन्नई के समुद्र ने छीन ली एक जान, रांची के रितेश समेत तीन नेवी ट्रेनी लहरों में बहे, दो अब भी लापता

Spread the love

Ranchi/Chennai: चेन्नई के समुद्र तट पर रविवार को एक बड़ा और दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. समुद्र में नहाने के दौरान तेज लहरों की चपेट में आने से तीन नेवी ट्रेनी बह गए. इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अब भी लापता हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश (तमिलनाडु), रितेश प्रजापति (रांची) और नवल (मुंबई) तीनों एकेडमी ऑफ मेरीटाइम एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (AMET), चेन्नई में नौसेना प्रशिक्षण के लिए चयनित हुए थे. रविवार की छुट्टी होने के कारण वे समुद्र किनारे घूमने पहुंचे और नहाने का फैसला किया.

नहाते समय तीनों धीरे-धीरे गहरे पानी में चले गए. तभी अचानक समुद्र में तेज लहरें उठीं और वे तीनों उनकी चपेट में आकर बह गए. घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही चेन्नई पुलिस और गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद मुकेश को समुद्र से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मुकेश का शव बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है.

वहीं, रांची के तुपुदाना निवासी 20 वर्षीय रितेश प्रजापति और मुंबई निवासी नवल अब भी लापता हैं. पुलिस, गोताखोर और अन्य राहत टीमें लगातार समुद्र में उनकी तलाश कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

रितेश के घर और मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है. इस दुखद खबर के बाद रितेश की बड़ी बहन और बड़े भाई चेन्नई जाने की तैयारी में जुट गए हैं. समुद्र तट पर हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार और इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है. पुलिस ने राहत और खोज अभियान को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *