बोकारो में CBI का बड़ा एक्शन, रेलवे इंजीनियर 15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

Spread the love

झारखंड के बोकारो से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है. दक्षिण पूर्व रेलवे के धनबाद-आद्रा मंडल में तैनात एक जूनियर इंजीनियर को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो इलेक्ट्रिकल विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे. उन पर आरोप है कि उन्होंने एक निजी कंपनी से बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के बदले 15 हजार रुपये की अवैध मांग की थी.

शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, दरोगा प्रधान कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड में साइट इंजीनियर के पद पर कार्यरत अरविंद कुमार राय ने 27 फरवरी को CBI में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि भोजूडीह स्थित साइट ऑफिस के लिए बिजली कनेक्शन की जरूरत थी, जिसके लिए आरोपी इंजीनियर पैसे की मांग कर रहा था.

ट्रैक डबलिंग प्रोजेक्ट से जुड़ा है मामला

बताया जा रहा है कि संबंधित कंपनी रेलवे के ट्रैक डबलिंग प्रोजेक्ट पर काम कर रही है और आद्रा डिवीजन में उसका काम जारी है. इसी परियोजना के तहत साइट ऑफिस में बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी.

जाल बिछाकर किया गया गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की प्राथमिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद टीम ने ट्रैप प्लान किया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया. फिलहाल CBI ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच होगी और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top