रांची में बड़ा हादसा: डोल मेले की भीड़ में घुसी तेज रफ्तार कार, एक की मौत

2 Min Read
मेले में घुसी अनियंत्रित कार
Spread the love

झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिलवे इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. टाटीसिलवे से अनगड़ा की ओर जाने वाली सड़क के किनारे चल रहे डोल मेले में अचानक एक तेज रफ्तार कार घुस गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोगों के घायल होने की सूचना है. घटना के बाद मेले में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए पूरा इलाका दहशत में आ गया.

कई लोग हादसे की चपेट में

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति से आ रही थी. इसी दौरान चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार सीधे मेले में मौजूद भीड़ की ओर बढ़ गई. देखते ही देखते कई लोग इसकी चपेट में आ गए. बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल कार जमशेदपुर नंबर की है.

कुछ लोगों की हालत गंभीर

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में भर्ती कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं मृतक की पहचान करने की प्रक्रिया भी जारी है.

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में हादसे के बाद की स्थिति साफ दिखाई दे रही है, जहां लोग घायलों को उठाकर सुरक्षित जगह ले जाने की कोशिश कर रहे हैं.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार अचानक अनियंत्रित कैसे हुई और हादसे के पीछे क्या वजह रही. पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *