बच्चे का पैर, जाति का जिक्र और बवाल, फिर ट्रोल हो गए भोजपुरी सिंगर खेसारी लाल
Khesari Lal Yadav Controversy: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता खेसारी लाल यादव एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं. इस बार मामला किसी फिल्म या गाने से नहीं, बल्कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर हुई घटना से जुड़ा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मंच पर क्या हुआ?
एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक छोटा बच्चा खेसारी लाल यादव के पास पहुंचा और सम्मान स्वरूप उनके पैर छूने लगा. खेसारी ने तुरंत बच्चे को ऐसा करने से रोका. इसके बाद उन्होंने बच्चे से कहा कि वह ब्राह्मण परिवार से है, इसलिए उसे किसी के पैर नहीं छूने चाहिए. इतना ही नहीं, इसके बाद खेसारी खुद बच्चे के पैर छूते नजर आए और कहा कि उनके यहां संस्कार है कि वे ब्राह्मण बच्चों के भी पैर छूते हैं. यही बयान अब विवाद की जड़ बन गया है.
यहां देखिए वीडियो
भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने मंच पर पहुंचे ब्राह्मण बच्चे को पैर छूने से मना किया-
— Anuj Agnihotri Swatntra (@ASwatntra) February 7, 2026
"आप ब्राह्मण कुल के आदमी हो. हमारे यहां ब्राह्मण बच्चों का भी पैर छूते है. हमारे यहां संस्कार है"
यह कहकर खेसारी ने बच्चे के पैर छू लिये। pic.twitter.com/tmdc8mOMON
सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं
घटना का वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. जहां कुछ लोग इसे परंपरा और सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में यूजर्स ने इस बयान को खुला जातिवाद बताया. एक यूजर ने लिखा, “इसे संस्कार नहीं, मानसिक गुलामी कहा जाएगा. जन्म के आधार पर किसी को बड़ा मानना गलत है.” वहीं दूसरे यूजर का कहना था, “आप उम्र में बड़े हैं और एक बड़े कलाकार हैं. बच्चे को आशीर्वाद देना काफी था, जाति का जिक्र करना गलत सोच को बढ़ावा देता है.”
पहले भी विवादों से रहा है नाता
यह पहला मौका नहीं है जब खेसारी लाल यादव विवादों में आए हों. इससे पहले भी महिलाओं को लेकर दिए गए बयानों, राजनीतिक टिप्पणियों और अन्य कलाकारों पर की गई बातों को लेकर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है. कुछ लोगों का तो यह भी कहना है कि यही बड़बोलापन उनके विधानसभा चुनाव में हार की एक वजह बना.

