BIHARINDIALATEST NEWS

नई श्रम संहिता के खिलाफ आज भारत बंद: देशभर में हड़ताल पर ट्रेड यूनियन, पटना की सफाई व्यवस्था ठप

Spread the love

Inlive247 Desk: नई श्रम संहिता, भारत-अमेरिका अंतरिम ट्रेड डील और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) और कई केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने 12 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है. देश के विभिन्न हिस्सों में मजदूर संगठनों, किसान समूहों और कर्मचारी संघों ने प्रदर्शन, रैलियां और धरना-प्रदर्शन आयोजित किए. कई राज्यों में सार्वजनिक सेवाओं पर आंशिक असर देखने को मिला, जबकि बिहार की राजधानी पटना में सफाई व्यवस्था ठप पड़ गई.

एसकेएम ने जारी बयान में कहा कि यह विरोध प्रदर्शन न्यू लेबर कोड को वापस लेने, बिजली विधेयक-2025, बीज विधेयक-2025 और विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G एक्ट-2025 को रद्द करने की मांग को लेकर है. इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली, मजदूरों और योजना कार्यकर्ताओं के लिए न्यूनतम मजदूरी लागू करने तथा मनरेगा को मजबूत करने की मांग भी उठाई है.

एसकेएम के अनुसार, कृषि मजदूर यूनियनों का मंच और एनआरईजीए संघर्ष मोर्चा (एनएसएम) ने भी भारत बंद को समर्थन दिया है. कई स्थानों पर किसानों और मजदूरों ने संयुक्त रूप से जुलूस निकाले और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की.

पटना में नगर निगम के सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने से शहर के कई इलाकों में कचरा नहीं उठाया जा सका, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, कुछ राज्यों में बैंकिंग, परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों पर भी आंशिक प्रभाव की खबरें हैं. एसकेएम ने लोगों से अपील की है कि वे किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाएं. सरकार की ओर से फिलहाल इस बंद पर विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं आई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *