मां-बाप ने जिद्द पूरी नहीं की तो युवक ने अपने ही घर में लगा दी आग, लाखों का सामान जलकर हुआ खाक
Dhanbad : धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक 19 वर्षीय युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी, जिससे लाखों रुपये नकद और घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया. जंगलपुर कब्रिस्तान के पास रहने वाले साबिर अंसारी के 19 वर्षीय बेटे इमरान अंसारी ने कल रविवार को अपने ही घर में आग लगा ली.
पैसे न मिलने पर बेटे ने लगाई आग
बेटे की इस हरकत से दुखी माँ आमना खातून ने बताया कि इमरान ने घूमने-फिरने के लिए अपने पिता से एक हज़ार रुपये माँगे थे. पिता ने बिना काम के इतने पैसे देने से इनकार कर दिया और ऑटो चलाने निकल गए. इसके बाद इमरान ने गुस्से में आकर घर में आग लगा दी. आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता, घर का सारा सामान जलकर राख हो गया. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले पैसे भी जलकर राख हो गए. घर में आग लगाने के बाद भी इमरान नहीं रुका. आग लगाने के बाद वह हाथ में कुल्हाड़ी लेकर घूमने लगा. इस दौरान इमरान कह रहा था कि जो भी उसे रोकने की कोशिश करेगा, उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर देगा. इसीलिए किसी ने उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटाई.


