केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सिरमटोली से रैंप हटाने को लेकर CM हेमंत को लिखा पत्र

Spread the love

Ranchi : राजधानी रांची के सिरमटोली में निर्माणाधीन फ्लाईओवर को लेकर चल रहे विवाद के बीच केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है. पत्र में केंद्रीय मंत्री ने सिरमटोली केंद्रीय सरना स्थल के पास बने रैंप को हटाने की मांग की है. सीएम से मामले का जल्द समाधान करने का अनुरोध किया गया है. आपको बता दें कि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य सिरमटोली चौक के पास स्थित सरना स्थल के पास किया जा रहा है. इसे लेकर आदिवासी समाज में काफी निराशा है. इसे लेकर आदिवासी संगठनों ने 22 मार्च को रांची बंद का भी आह्वान किया था. साथ ही कई बार हिंसक विरोध प्रदर्शन भी हो चुके हैं. आदिवासी लगातार फ्लाईओवर के रैंप को हटाने की मांग कर रहे हैं.

Sanjay seth

जानिए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पत्र में किया लिखा

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर कहा है कि सरना स्थल सरना समाज के लोगों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है. उक्त स्थल से सिर्फ सरना समाज ही नहीं बल्कि हम सबकी आस्था जुड़ी हुई है. सरना स्थल के पास रैंप निर्माण का लगातार समुदाय के लोग विरोध कर रहे हैं. यह हम सब के लिए भी चिंता का विषय है. निश्चित रूप से शहर का विकास होना चाहिए, लेकिन अगर हम अपनी धार्मिक आस्था और उनकी भावनाओं का भी ख्याल रखेंगे तो समाज भी हमारे साथ खड़ा होगा.

सरना समाज की आस्था को देखते हुए मेरा सुझाव है कि अविलंब संबंधित विभाग, सरना समाज के प्रबुद्ध लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस दिशा में समाधान निकाला जाए ताकि किसी समाज की आस्था को ठेस न पहुंचे और विकास कार्य भी सही ढंग से हो सके. इसलिए अविलंब सभी वर्गों के साथ बैठकर इस समस्या का समाधान करने की दिशा में त्वरित कार्रवाई की जाए. क्योंकि यह स्थल लाखों लोगों की आस्था और विश्वास का केंद्र है. एक सप्ताह बाद सरहुल पर्व भी मनाया जाना है, ऐसे में सरकार को इस दिशा में त्वरित और उचित पहल करनी चाहिए. केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री से कहा है कि मुझे पूरा विश्वास है कि आप आस्था से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर जल्द से जल्द सकारात्मक कदम उठाएंगे.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top