Inlive 247 Desk: एक अजब-गजब मामला सामने आया है. एक जज साहब की टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई है. दरअसल महाराष्ट्र के पुणे की जिला अदालत में एक केस आया. जिसमें महिला ने अपने पति के खिलाफ कोर्ट में अर्जी दाखिल कर उस पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था. बाद में मामला मध्यस्थता केंद्र पहुंचा, जहां मध्यस्थता की अध्यक्षता कर रहे जज ने महिला से अजीबोगरीब सवाल पूछे. जिसकी हर तरफ चर्चा होने लगी. उन्होंने कथित तौर पर महिला से पूछा कि ‘अगर तुम न तो बिंदी पहनती हो और न ही मंगलसूत्र, तो तुम्हारा पति तुममें दिलचस्पी क्यों दिखाएगा?’
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर अंकुर आर. जहागीरदार नाम के यूजर ने इस बारे में एक पोस्ट शेयर की है. उस पोस्ट के मुताबिक, मध्यस्थता कर रहे पुणे जिला अदालत के जज ने कथित तौर पर कहा, “मैं देख सकता हूं कि तुमने मंगलसूत्र या बिंदी नहीं पहनी है. अगर तुम शादीशुदा महिला की तरह व्यवहार नहीं करती हो, तो तुम्हारा पति तुममें दिलचस्पी क्यों दिखाएगा?”
जज के सवाल से हैरान
बार एंड बेंच की एक रिपोर्ट के मुताबिक, महिला अपने पति से अलग हो चुकी है. उसने घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए तलाक की अर्जी दी है. इस मामले में महिला मध्यस्थता करने वाले जज के सामने पेश हुई. जज के इस तरह के सवाल से लोग हैरान हैं.