रांची में ATM फ्रॉड करने आए दो शातिर गिरफ्तार, चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा

3 Min Read
गिरफ्तार किए गए आरोपी
Spread the love

रांची में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से पैसे उड़ाने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से कई एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक भी बरामद की गई है.

गुप्त सूचना के बाद शुरू हुई कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 14 मार्च 2026 को रांची पुलिस को सूचना मिली थी कि एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला गिरोह शहर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और शहर के कई इलाकों में वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया. चेकिंग के दौरान BIT Mesra रेलवे ओवरब्रिज के पास पुलिस की नजर एक नीले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों पर पड़ी. दोनों की गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे वहां से भागने लगे. इसके बाद पुलिस ने पीछा कर जुमर ब्रिज के पास दोनों को पकड़ लिया.

तलाशी में मिले एटीएम कार्ड और मोबाइल

पुलिस ने जब बाइक के कागजात मांगे तो आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके. तलाशी लेने पर उनके पास से तीन एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए. बाइक में भी फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई पाई गई.

पूछताछ में सामने आई ठगी की सच्चाई

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम के बाहर लोगों का कार्ड बदलकर उनके खाते से पैसे निकालने का काम करते थे. जानकारी के मुताबिक, यह गिरोह कई शहरों में इसी तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है.

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान विक्रम कुमार शर्मा उर्फ बिट्टू (26 वर्ष) और धनंजय कुमार सिंह (36 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.

कई जिलों में दर्ज हैं मामले

जांच में यह भी सामने आया है कि इन दोनों के खिलाफ झारखंड और बिहार के कई जिलों में ठगी और चोरी के मामले दर्ज हैं. कुछ मामलों में पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद हैं.

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *