CHATRAJHARKHANDLATEST NEWS

चतरा में खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, देखते ही देखते केबिन जलकर राख

Spread the love

चतरा: जिले के टंडवा प्रखंड में शुक्रवार को एक ट्रक में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह घटना टंडवा के शहीद चौक के पास ओम साई पंप के समीप हुई, जहां खड़े एक ट्रक में अचानक आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया. हालांकि, दमकल की टीम के समय पर पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया.

सरिया उतारने आया था ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार ट्रक (नंबर JH 02 AQ 3275) सरिया लेकर टंडवा के व्यवसायी अनिल गुप्ता की दुकान पर पहुंचा था. सरिया खाली करने के लिए चालक ने ट्रक को ओम साई पंप के पास खड़ा कर दिया था. इसी दौरान पास की झाड़ियों में लगी आग की चिंगारी उड़कर ट्रक पर ढके तिरपाल तक पहुंच गई. देखते ही देखते तिरपाल ने आग पकड़ ली और आग तेजी से फैलते हुए ट्रक के केबिन तक पहुंच गई.

स्थानीय लोगों में मची अफरा-तफरी

ट्रक में आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आग लगने की सूचना एनटीपीसी के अग्निशमन दल को दी. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया.

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

एनटीपीसी और सीआईएसएफ की अग्निशमन टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया. हालांकि तब तक ट्रक का केबिन पूरी तरह जल चुका था. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही. आग लगने से ट्रक को भारी नुकसान हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *