मुश्किल वक्त में राजपाल यादव के साथ खड़े हैं नवाजुद्दीन सिद्दीकी, अफवाहों पर करीबी सूत्र ने तोड़ी चुप्पी
बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी को लेकर सोशल मीडिया पर यह आरोप लगाए जा रहे थे, कि उन्होंने अपने करीबी दोस्त राजपाल यादव के मुश्किल समय में उनका साथ नहीं दिया. अब नवाजुद्दीन के करीबी सूत्र ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है.
“चुपचाप मदद करना पसंद करते हैं नवाज”
सूत्र के अनुसार, नवाजुद्दीन सिद्दीकी हमेशा से राजपाल यादव के साथ खड़े रहे हैं और इस बार भी उन्होंने बिना किसी प्रचार के उनकी मदद की है. करीबी सूत्र ने बताया, कि “यह पहली बार नहीं है जब नवाजुद्दीन ने राजपाल की मदद की हो. इससे पहले भी उन्होंने करीब 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी थी. नवाजुद्दीन ऐसे कामों को सुर्खियों से दूर रखना पसंद करते हैं और कभी सार्वजनिक रूप से इनका जिक्र नहीं करते.”
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
राजपाल यादव कई बार इंटरव्यू में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ अपनी गहरी दोस्ती का जिक्र कर चुके हैं. ऐसे में जब उनके वित्तीय संकट की खबर सामने आई तो सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने ‘सेक्रेड गेम्स’ अभिनेता नवाजुद्दीन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. हालांकि, करीबी सूत्रों का कहना है कि नवाजुद्दीन हमेशा की तरह इस बार भी चुपचाप मदद कर रहे हैं.
नवाज ने पहले भी की थी तारीफ
एक पुराने इंटरव्यू में The Lallantop से बातचीत करते हुए नवाजुद्दीन ने बताया था, कि जब राजपाल यादव को काम मिल रहा था, तब वे संघर्ष कर रहे कलाकारों की खूब मदद करते थे. नवाजुद्दीन ने कहा था, “जब राजपाल अच्छा काम कर रहे थे, तब वे कई लोगों को खाना खिलाते थे. इंडस्ट्री में संघर्ष के दिनों में उन्होंने हमारा साथ दिया. उन्होंने कभी मदद करने से पीछे कदम नहीं खींचा. उनका घर किसी लंगर से कम नहीं था. कोई भी आता, खाना खाकर जाता. वे मजाकिया हैं, लेकिन असल में बेहद संवेदनशील इंसान हैं.”
तिहाड़ जेल में सरेंडर के बाद बढ़ा समर्थन
गौरतलब है कि राजपाल यादव ने हाल ही में एक दशक पुराने चेक बाउंस मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर किया है. हालांकि, इस मामले में उनके समर्थन में अभिनेता सोनू सूद और गुरमीत चौधरी ने सार्वजनिक रूप से मदद की अपील की है.
वहीं, Federation of Western India Cine Employees (FWICE) ने भी फिल्म इंडस्ट्री से अपील की, कि वे राजपाल यादव के साथ एकजुटता दिखाएं. संगठन ने कहा कि यह दान नहीं, बल्कि एकजुटता का सवाल है.
1.11 करोड़ रुपये की मदद का ऐलान
इस बीच म्यूजिक प्रोड्यूसर Rao Inderjeet Singh Yadav, जो GemTunes Music के मालिक हैं, ने राजपाल यादव को 1.11 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में उन्होंने कहा कि राजपाल यादव ने वर्षों तक दर्शकों को खुशी दी है और वे भारतीय सिनेमा का अहम हिस्सा हैं. उन्होंने यह भी कहा कि यह सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि इंडस्ट्री के एक सदस्य के साथ एकजुटता का प्रतीक है. फिल्म इंडस्ट्री एक परिवार की तरह है और मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ देना जरूरी है.

