चुनावी चेकिंग में बड़ा धमाका: लातेहार में वाहन से मिले 40 लाख से ज्यादा कैश, मचा हड़कंप

3 Min Read
लातेहार में वाहन से मिले 40 लाख से ज्यादा कैश,
Spread the love

Latehar: चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत जिलेभर में सख्त निगरानी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में सदर थाना क्षेत्र के करकट इलाके में की गई वाहन जांच के दौरान एसएसटी (स्टैटिक सर्विलांस टीम) ने 40.02 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है और मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है.

मिली जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए लातेहार नगर पंचायत क्षेत्र समेत जिले के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है. हर आने-जाने वाले वाहन की सघन जांच की जा रही है, ताकि चुनाव के दौरान नकदी, शराब या किसी भी तरह की प्रलोभन सामग्री के अवैध इस्तेमाल पर रोक लगाई जा सके. इसी दौरान करकट इलाके में एक वाहन को जांच के लिए रोका गया, जहां तलाशी के दौरान 40 लाख 2 हजार रुपये नकद बरामद हुए.

उपायुक्त (डीसी) उत्कर्ष गुप्ता ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत यह नकदी पकड़ी गई है. डीसी ने बताया कि फिलहाल यह जांच की जा रही है कि यह पैसा कहां से आया और इसे कहां ले जाया जा रहा था.

साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस रकम का चुनाव से कोई सीधा या संबंध है या नहीं. उन्होंने साफ कहा कि अगर जांच में यह सामने आता है कि इस पैसे का इस्तेमाल किसी चुनावी गड़बड़ी में किया जाना था, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. प्रशासन का मकसद निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराना है.

चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

लातेहार जिले में नगर पंचायत चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है. प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं. ऐसे में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए चुनाव आयोग और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. जिले के अलग-अलग हिस्सों में फ्लाइंग स्क्वॉड, स्टैटिक सर्विलांस टीम और पुलिस बल की तैनाती की गई है.

डीसी उत्कर्ष गुप्ता और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार गौरव खुद पूरे चुनावी प्रबंधन पर नजर बनाए हुए हैं. दोनों अधिकारियों ने दो टूक कहा है कि आचार संहिता के उल्लंघन, अवैध नकदी लेन-देन या मतदाताओं को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

वहीं 40.02 लाख रुपये की इस बड़ी बरामदगी के बाद पूरे जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. प्रशासन सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रहा है. फिलहाल, यह मामला जिले की सियासत और प्रशासन दोनों के लिए चर्चा का बड़ा मुद्दा बन चुका है.

Whatsapp
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *