Gumla Municipal Election 2026: नामांकन शुरू होते ही एक्टिव हुए DC-SP, चुनावी तैयारियों का लिया जायजा
Gumla Municipal Election 2026: नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है, जिसके तहत गुरुवार से नामांकन प्रपत्रों की बिक्री और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इसी बीच गुमला जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस अधीक्षक हरिश बिन जमां ने नगर निकाय चुनाव को लेकर गुरुवार को केओ कॉलेज, गुमला स्थित मतगणना केंद्र और एनआईसी भवन में सुरक्षित रखी गई मत पेटिकाओं का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने केओ कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में बनाए गए डिस्पैच सेंटर, रिसीविंग सेंटर और स्ट्रांग रूम का बारीकी से जायजा लिया. इस क्रम में केंद्रों की भौतिक व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई, आवागमन की सुविधा, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन व्यवस्था सहित विधि-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने पदाधिकारियों को दिया निर्देश
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध, पारदर्शी और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं. साथ ही पुराने एनआईसी भवन में सुरक्षित रखी गई मत पेटिकाओं की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था एवं अभिलेख संधारण की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मतदान, मतगणना एवं चुनाव सामग्री के आवागमन से जुड़े सभी कार्यों को शांतिपूर्ण और निर्बाध रूप से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव नीरज, जिला पंचायती राज पदाधिकारी राजीव कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी, निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.

