पार्टी में भड़के पावर स्टार पवन सिंह, शख्स को मारने दौड़े, वायरल हो रहा वीडियो
Pawan Singh Video: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह का नाम अक्सर सुर्खियों में रहता है. अपने गानों और फिल्मों से वह जितना प्यार दर्शकों से पाते हैं, उतना ही निजी जीवन को लेकर विवादों में भी घिर जाते हैं. इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है. सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह गुस्से में एक शख्स की ओर दौड़ते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग उन्हें रोकने की कोशिश करते दिखते हैं. वीडियो सामने आने के बाद लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. आखिर पूरा मामला क्या है और पवन सिंह इतने नाराज क्यों हो गए, आइए समझते हैं.
भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह के जन्मदिन पर गए थे पवन सिंह
भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह ने 20 जनवरी को अपना जन्मदिन लखनऊ में धूमधाम से मनाया. इस मौके पर एक खास पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें पवन सिंह अपनी मां और को-एक्ट्रेस महिमा सिंह के साथ पहुंचे. पार्टी के वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर महिमा सिंह को लेकर अटकलें तेज हो गईं. कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर यह दावा करना शुरू कर दिया कि वह पवन सिंह की तीसरी पत्नी हैं. हालांकि, इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है. दोनों फिलहाल एक प्रोजेक्ट में साथ काम कर रहे हैं और इससे ज्यादा कुछ नहीं है.
पार्टी से वायरल हुआ पवन सिंह का वीडियो
पार्टी के दौरान पवन सिंह और महिमा सिंह को साथ में डांस करते देखा गया. दोनों की केमिस्ट्री को वहां मौजूद लोग भी एन्जॉय कर रहे थे. इसी बीच पवन सिंह ने माइक पर कुछ कहा, तभी वहां मौजूद किसी शख्स ने कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी. यह बात पवन सिंह को नागवार गुजरी और वह गुस्से में उस व्यक्ति की ओर बढ़ गए. हालांकि, मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उन्हें रोक लिया. बाद में उस शख्स को भीड़ से बाहर निकाल दिया गया और मामला वहीं शांत करा दिया गया. इसी दौरान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है. किसी ने मजाकिया अंदाज़ में लिखा, “पी रखी है.” तो किसी ने कमेंट किया, “70 वाली फ्रूटी का असर है.” वहीं एक यूजर ने लिखा, “उसे छोड़ दो, नशा अपने आप उतर जाएगा.” हालांकि, पवन सिंह के समर्थक भी पीछे नहीं रहे. एक फैन ने लिखा, “शेर हमेशा शेर ही रहेगा, पावर स्टार जी.” वहीं एक अन्य यूजर का कहना था, “वह फैंस पर गुस्सा नहीं हुए थे, कुछ लोग आपस में झगड़ रहे थे, उसी बात पर उनका रिएक्शन था.” एक और कमेंट में लिखा गया, “आजकल लोग आग से कम और पवन सिंह से ज्यादा जल रहे हैं.”

