‘20 लाख दो नहीं तो…’ बिहार में कारोबारी का अपहरण के बाद मांगी फिरौती, दहशत में परिजन

3 Min Read
Spread the love

Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के आईजी कॉलोनी निवासी पुस्तक व्यवसायी सोनू कुमार का अपराधियों ने अपहरण कर लिया है. अपहरणकर्ताओं ने चार दिनों से लापता सोनू को छोड़ने के लिए 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी है. रकम नहीं मिलने पर अपराधियों ने जान से मारने की धमकी दी है. बताते चलें कि सोनू के अपहरण और फिरौती के लिए आ रहे व्हाट्सएप कॉल के बाद सोनू के भाई रत्नेश ने सदर थाने में अपहरण को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. अपहरणकर्ता सोनू के नंबर से कॉल कर जल्द से जल्द पैसे की मांग कर रहे हैं. आखिरी कॉल सोमवार दोपहर 2 बजे आई थी. पुलिस सोनू के नंबर का लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई है.

सोनू के भाई रत्नेश कुमार ने बताया कि सोनू मूल रूप से पूर्वी चंपारण के केसरिया थाने के मठिया गांव का रहने वाला है. वह आईजी कॉलोनी में पत्नी और बच्चों के साथ किराए पर रहता था. 9 मई की सुबह 7.30 बजे खबड़ा डीएवी स्कूल के पास से उसका अपहरण कर लिया गया था. माधोपुर सुस्ता गांव के दो लोगों का नाम बताते हुए रत्नेश ने पुलिस को बताया है कि दोनों ने मिलकर उसके भाई का अपहरण किया है. अपहरणकर्ताओं ने फिरौती के लिए सोनू के नंबर से व्हाट्सएप कॉल किया था. इसके बाद अपहरणकर्ताओं में से एक ने उसके मोबाइल नंबर से भी कॉल किया. सोमवार दोपहर 2 बजे अंतिम कॉल करते हुए अपहरणकर्ताओं ने कहा कि अगर पैसा नहीं दिया तो तुम अपने भाई को छोड़ दो.

सदर थानेदार अस्मित कुमार ने बताया कि दो लोगों को नामजद किया गया है. नामजद आरोपियों से लेनदेन के विवाद की भी बात सामने आ रही है. कॉल लोकेशन और सीसीटीवी के आधार पर लापता व्यवसायी का पता लगाया जा रहा है. रत्नेश ने पुलिस को बताया है कि 9 मई को गायब होने के बाद फिरौती के लिए कॉल आने लगे थे. पहले तो परिजनों को लगा कि कोई मजाक कर रहा है. देर रात तक जब सोनू वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताया तो चिंता बढ़ गई. सोमवार को हत्या की धमकी वाला कॉल आने पर परिजन रोने-बिलखने लगे. आशंका है कि सोनू का अपहरण कर उसे किसी भट्ठे पर रखा गया है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *