बोकारो में आमने-सामने भिड़ी दो बाइक, 2 की मौके पर मौत
झारखंड के बोकारो जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. नावाडीह थाना क्षेत्र के डुमरी–नावाडीह मुख्य मार्ग पर खरपीटो वन विभाग की पौधशाला के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मरने वालों की पहचान, गांवों में पसरा मातम
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बेरमो थाना क्षेत्र के राजाबेड़ा निवासी 48 वर्षीय शैरू खान और धनबाद जिले के भुली थाना क्षेत्र के पांडरापाल गांव के 21 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में हुई है. दोनों की मौत की खबर मिलते ही उनके घरों में कोहराम मच गया और गांवों में शोक की लहर दौड़ गई.
दो युवक जिंदगी के लिए जूझ रहे
इस दुर्घटना में अनीश कुमार (17) और विष्णु कुमार (21) गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को नावाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर उपचार के लिए बोकारो रेफर कर दिया गया.
कैसे हुई टक्कर?
जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार अपने दोस्तों अनीश और विष्णु के साथ हीरो स्प्लेंडर बाइक से कतरास से नावाडीह जा रहे थे. उसी समय दूसरी दिशा से शैरू खान टीवीएस बाइक पर सवार होकर फुसरो राजाबेड़ा से गिरिडीह एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. खरपीटो पौधशाला के पास पहुंचते ही दोनों बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे चारों लोग सड़क पर जा गिरे.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चास भेज दिया. साथ ही दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
संवेदनाएं और सवाल दोनों साथ
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और लोग अस्पताल पहुंचे. कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष इमरान अंसारी ने घायलों का हाल जाना और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी. इस दर्दनाक घटना के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

