अब 15 फरवरी तक घूम सकेंगे लोक भवन उद्यान, राज्यपाल ने दिया निर्देश
Ranchi News: रांची के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. लोक भवन परिसर स्थित उद्यान अब पहले से तय समय से अधिक दिनों तक आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने निर्देश दिया है कि लोक भवन, रांची के उद्यान को 15 फरवरी तक जनता के भ्रमण हेतु खुला रखा जाए.
8 फरवरी तक ही खोलने का था निर्देश
दरअसल, पहले यह उद्यान केवल 8 फरवरी तक ही आम लोगों के लिए खोलने का निर्णय लिया गया था. लेकिन बीते दिनों में उद्यान को देखने और उसका आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सामने आई. लोगों के उत्साह और सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए राज्यपाल ने इसकी अवधि बढ़ाने का फैसला किया.
सुरक्षा और व्यवस्था पर खास नजर
राज्यपाल के निर्देश के बाद अब अधिक लोग लोक भवन के सुंदर और सुव्यवस्थित उद्यान का आनंद ले सकेंगे. यह निर्णय खासतौर पर उन परिवारों, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए राहत भरा है, जो सीमित समय के कारण पहले यहां नहीं पहुंच पाए थे. प्रशासन की ओर से यह भी सुनिश्चित किया गया है कि उद्यान भ्रमण के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे, ताकि आम नागरिक बिना किसी असुविधा के यहां समय बिता सकें.

