धनबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रिंस खान गिरोह के दो गुर्गे मुठभेड़ में घायल
धनबाद में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है. सोमवार तड़के धनबाद और रांची की स्पेशल पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए केंदुआडीह थाना क्षेत्र के भगाबांध चानक के पास मुठभेड़ में प्रिंस खान गिरोह के दो सक्रिय गुर्गों को गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया. वहीं एक अन्य आरोपी भागने की कोशिश में घायल हो गया.
पुलिस के अनुसार करकेंद श्याम कोठी निवासी विक्की डोम और पलामू जिले का अमन सिंह उर्फ कुबेर पुलिस की गोली से घायल हुआ है. बताया जा रहा है कि पुलिस से बचने के लिए दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी थी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे दोनों के घुटने के नीचे पैर में गोली लग गई.
धनबाद एसएसपी ने लिया स्थिति का जायजा लिया
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए नावाडीह स्थित सीएमसी अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें धनबाद के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं तीसरा आरोपी अफजल उर्फ अमन भागने के दौरान गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे उसका पैर टूट गया. उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार खुद मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया.
प्रिंस खान के इशारे पर कर रहे थे आपराधिक गतिविधियां
पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल विक्की डोम पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है. केंदुआडीह और आसपास के थानों में उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं. वहीं अमन सिंह उर्फ कुबेर हाल के दिनों में पलामू इलाके में प्रिंस खान गिरोह की गतिविधियों को संचालित कर रहा था. पुलिस को उसके सुजीत सिन्हा गिरोह से भी संपर्क होने की जानकारी मिली है.
हत्या के मामले में सजा पा चुका है अफजल
अफजल उर्फ अमन वासेपुर के नीचे मोहल्ला का रहने वाला है और वह गैंगस्टर प्रिंस खान के साले टुन्ना खान का बेटा बताया जाता है. वर्ष 2017 में वासेपुर में हुई अरबाज उर्फ विक्की की हत्या के मामले में निचली अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी. हालांकि फिलहाल वह हाईकोर्ट से अपील बेल मिलने के बाद जेल से बाहर था. पुलिस को उसकी प्रिंस खान से करीबी संबंधों की भी जानकारी मिली है.
गिरोह से जुड़े कई लोगों से पूछताछ
इधर धनबाद पुलिस की विशेष टीम प्रिंस खान गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्ध लोगों की भी तलाश में जुटी है. पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. इनमें मटकुरिया में मेडिकल दुकान चलाने वाला शादाब, वासेपुर के रफीक बावर्ची का बेटा बाबू, पलामू का क्रिकेटर रौनक कुमार सिंह और केंदुआडीह का सोनू नायक समेत अन्य लोग शामिल हैं.
पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान गिरोह के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने के लिए लगातार छापेमारी और पूछताछ की जा रही है. आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

