झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 3 फरवरी को कई जिलों में हो सकती है हल्की बारिश
Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), रांची केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 3 फरवरी को रांची समेत राज्य के उत्तर-पश्चिमी और आसपास के मध्य हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. राज्य के बाकी इलाकों में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा. सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है, जबकि दिन में आंशिक बादल देखने को मिलेंगे.
इन जिलों में बारिश कई संभावना
आईएमडी के अनुसार हल्की बारिश की संभावना रांची के अलावा पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में है.
तापमान का हाल
इस दौरान रांची में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं, 29 जनवरी से 1 फरवरी तक सुबह हल्का कोहरा रहेगा और बाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे. इस दौरान मौसम शुष्क बना रह सकता है.
कई जिलों में बढ़ रहा पारा
जनवरी के आखिरी दिनों में झारखंड के कई जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. बुधवार को चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इससे साफ है कि दिन के समय हल्की गर्मी महसूस की जा रही है.

