दावोस में झारखंड को बड़ी कामयाबी, वेलस्पन वर्ल्ड ने 300 करोड़ निवेश का दिया प्रस्ताव
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस के दौरान झारखंड के औद्योगिक विकास को लेकर एक अहम पहल सामने आई है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और वेलस्पन वर्ल्ड के संस्थापक एवं चेयरमैन बी.के. गोयनका के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में राज्य में प्लास्टिक उद्योग के क्षेत्र में करीब 300 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा गया.
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी को देवघर में प्रस्तावित प्लास्टिक पार्क की जानकारी दी. प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह क्षेत्र पीवीसी आधारित प्लास्टिक उद्योग के लिए अनुकूल संभावनाएं रखता है. निवेश को आगे बढ़ाने के लिए वेलस्पन वर्ल्ड की टीम जल्द ही झारखंड का दौरा करेगी और स्थल निरीक्षण के साथ विस्तृत अध्ययन करेगी.
क्रिटिकल मिनरल्स और लॉजिस्टिक्स सेक्टर पर भी नजर
वेलस्पन वर्ल्ड ने झारखंड में क्रिटिकल मिनरल्स और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भी निवेश को लेकर रुचि दिखाई. इस दौरान राज्य सरकार की ओर से धनबाद स्थित लॉजिस्टिक पार्क, वेयरहाउसिंग और स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर की विस्तृत जानकारी साझा की गई. दोनों पक्षों ने इन प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर संवाद बनाए रखने पर सहमति जताई.
यह बैठक झारखंड को औद्योगिक निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ने और आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है.

