झूला बना मौत का फंदा! सूरजकुंड मेले में 2 की मौत, 13 लोग घायल
Haryana Surajkund Mela Accident: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में चल रहे सूरजकुंड मेला के दौरान शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया. मेले में लगे एक झूले के टूटकर गिरने से ड्यूटी पर तैनात पुलिस इंस्पेक्टर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए. हादसे ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना से करीब एक घंटे पहले मेला परिसर में एक गेट गिरने की भी घटना हुई थी, जिसमें एक बच्चा सहित दो लोग घायल हो गए थे. लगातार हुई इन घटनाओं के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा और पर्यटन विभाग के निदेशक पार्थ गुप्ता तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. घायलों के इलाज के लिए तुरंत अस्पतालों में व्यवस्था कराई गई.
शाम 6.15 बजे हुआ हादसा
डिप्टी कमिश्नर आयुष सिन्हा ने बताया कि झूले का हादसा शनिवार शाम करीब 6.15 बजे हुआ. उस समय झूले पर कई लोग सवार थे. अचानक झूला एक तरफ झुक गया और देखते ही देखते नीचे गिर पड़ा. इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश ने लोगों को बचाने की कोशिश की. लेकिन झूले का एक भारी हिस्सा उनके चेहरे और सिर पर जा लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे में एक महिला की भी मौत हुई है. महिला की उम्र करीब 37 साल बताई जा रही है, हालांकि अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है. प्रशासन ने मौत की पुष्टि कर दी है.
झूला ऑपरेटर पर होगी कार्रवाई
इस दुर्घटना में कुल 13 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है. बचाव कार्य के दौरान एक स्टॉल संचालक राघव भी झूले की ग्रिल की चपेट में आ गया, जिससे उसके कंधे में चोट आई. अधिकारियों ने साफ किया है कि झूले के ऑपरेटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा और पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी.
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
इस हादसे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के दौरान हुई इस दुर्घटना से वे बेहद आहत हैं. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

