JHARKHANDLATEST NEWSRANCHI

झारखंड: वित्तीय वर्ष के अंत से पहले सरकार का बड़ा फैसला, शनिवार को भी खुले रहेंगे कोषागार

Spread the love

झारखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन से पहले भुगतान प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए अहम कदम उठाया है. वित्त विभाग ने निर्देश जारी करते हुए 28 मार्च शनिवार को राज्य के प्रमुख कोषागारों को सामान्य कार्य दिवस की तरह संचालित करने का निर्णय लिया है.

किन-किन कोषागारों में होगा काम?

वित्त विभाग की निदेशक संध्या गुप्ता की ओर से जारी आदेश के अनुसार, रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन कोषागार (साइबर कोषागार सहित) और डोरंडा कोषागार (SNA कोषागार सहित) खुले रहेंगे. इसके अलावा राज्य के सभी जिला और उप-कोषागारों में भी नियमित रूप से कामकाज जारी रहेगा.

क्यों जरूरी पड़ा यह फैसला?

मार्च का महीना हर वित्तीय वर्ष का अंतिम चरण होता है, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों पर बिल पास कराने और फंड निकासी का दबाव काफी बढ़ जाता है. ऐसे में शनिवार होने के बावजूद कोषागार खोलने का फैसला इसलिए लिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की देरी या बाधा से बचा जा सके और सभी भुगतान समय पर पूरे हो सकें.

विभागों को दिए गए खास निर्देश

वित्त विभाग ने कोषागार अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं, कि 28 मार्च को प्रस्तुत होने वाले सभी बिल उसी दिन स्वीकार किए जाएं और उनकी जांच के बाद भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए. साथ ही यह भी कहा गया है कि बैंकिंग सेवाएं और तकनीकी सिस्टम पूरी तरह सुचारू रखें जाएं, ताकि ट्रांजेक्शन में किसी तरह की रुकावट न आए. इसके अलावा इस फैसले की जानकारी भारतीय रिजर्व बैंक के मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय, रांची के उपायुक्त और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति को भी दे दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *