ठंड ने बढ़ाई परेशानी, रांची के बाद सिमडेगा में भी 14 जनवरी तक स्कूल बंद
School Closed: झारखंड में बढ़ती ठंड और शीतलहर के असर को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं. रांची जिला प्रशासन ने KG से लेकर कक्षा 6 तक के सभी स्कूलों में 14 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है. वहीं, रांची डीसी के बाद सिमडेगा में भी डीसी के निर्देश पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने 12 से 14 जनवरी तक KG से कक्षा 8 तक की सभी कक्षाएं स्थगित रखने का आदेश जारी किया है.
13 से 16 जनवरी तक शीतलहर का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के कुछ इलाकों में 13 से 16 जनवरी के बीच शीतलहर का असर बना रह सकता है. इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों के लिए चेतावनी
IMD की चेतावनी के मुताबिक गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों में 13 से 16 जनवरी तक शीतलहर की आशंका है. हजारीबाग में यह स्थिति 14 से 16 जनवरी के बीच रहने की संभावना जताई गई है.रविवार सुबह 8:30 बजे तक राज्य के 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे दर्ज किया गया है.
16 जनवरी तक सिमडेगा का मौसम
बता दें सिमडेगा में ठंड का प्रकोप जारी है. यहां न्यूनतम तापमान लगातार 10°C से नीचे बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 16 जनवरी तक न्यूनतम तापमान करीब 8.8°C रह सकता है. इस दौरान आसमान साफ रहने की संभावना है, जिससे सुबह-शाम ठंड और बढ़ सकती है.

