झारखंड में बढ़ी ठंड की मार, गुमला में 2.8 डिग्री तक लुढ़का पारा, कई जिलों में येलो अलर्ट
Jharkhand Cold Wave Warning: झारखंड में ठंड ने एक बार फिर अपना असर तेज कर दिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई इलाकों में शीतलहर को लेकर 13 जनवरी से 16 जनवरी तक येलो अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार आ रही ठंडी हवाओं के कारण अगले कुछ दिनों तक ठंड का प्रकोप बना रह सकता है. IMD के ताजा बुलेटिन के मुताबिक गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों में 13 से 16 जनवरी तक येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा. वहीं, हजारीबाग जिले में 14 से 16 जनवरी के बीच शीतलहर की स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है.
गुमला में 2.8 डिग्री पहुंचा पारा
रविवार सुबह 8.30 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार राज्य के आठ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. झारखंड में सबसे कम तापमान गुमला में 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद पलामू (डालटनगंज) में 4.9 डिग्री और खूंटी में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
48 घंटे तक टेंपरेचर में नहीं होगा बदलाव
IMD के रांची केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के ऊपर ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर उत्तर-पश्चिमी हवाएं लगातार सक्रिय बनी हुई हैं. इसी वजह से कई जिलों में शीतलहर की स्थिति देखने को मिल रही है. उन्होंने कहा कि अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है.
रांची में 8.8 डिग्री टेंपरेचर
शनिवार को राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में 10.2 डिग्री और जमशेदपुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार जिन जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा, उनमें रांची, पलामू, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, सरायकेला, पाकुड़ और गुमला शामिल हैं. ऐसे में शीतलहर के मद्देनजर मौसम विभाग ने खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. लोगों से अपील की गई है कि वे पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें और सुबह व शाम के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें.

