शीतलहर का कहर जारी! रांची में KG से 12वीं तक स्कूल 10 जनवरी तक बंद, डीसी ने जारी किया आदेश
Ranchi: राज्य में बढ़ती शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. ठंड के इसी बढ़ते असर को ध्यान में रखते हुए रांची जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले में KG से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों को 10 जनवरी 2026 तक बंद रखने का आदेश जारी किया है.
10 तक बंद रहेंगे स्कूल
जारी आदेश के अनुसार, रांची जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और सभी निजी विद्यालयों में कक्षाएं 09 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक पूरी तरह बंद रहेंगी. यह निर्णय छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है, ताकि शीतलहर से होने वाली परेशानियों से बच्चों को बचाया जा सके. हालांकि, सभी कोटि के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों को इस अवधि में विद्यालय में उपस्थित रहना होगा. उन्हें ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी अनिवार्य उपस्थिति दर्ज करते हुए गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा.
जरूरत पड़ने पर नए निर्देश जारी करेगी प्रशासन
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इस दौरान किसी विद्यालय में अनिवार्य परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, तो उनके संचालन को लेकर संबंधित विद्यालय अपने स्तर पर निर्णय ले सकते हैं. फिलहाल, ठंड से राहत मिलने तक प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे जरूरत पड़ने पर नए निर्देश भी जारी किए जा सकते हैं.

