40 मिनट का सफर अब 10 मिनट में! रांची में बनेंगे 3 नए फ्लाईओवर, लागत ₹326 करोड़
रांची: राजधानी में हाल के दिनों में भले ही दो फ्लाईओवर शुरू हो चुके हों, लेकिन इसके बावजूद अरगोड़ा और करमटोली चौक जैसे इलाकों में जाम अब भी लोगों की परेशानी बना हुआ है. हालात ऐसे हैं कि कई जगहों पर 5 मिनट का रास्ता 25 मिनट में तय होता है. अब नए साल से पहले रांचीवासियों को इससे बड़ी राहत मिलने वाली है, क्योंकि शहर में 3 नए फ्लाईओवर बनने जा रहे हैं.
ये हैं रांची के 3 नए फ्लाईओवर
सहजानंद चौक से कांके रोड (जज कॉलोनी तक) फ्लाईओवर का रास्ता साफ हो गया है.
इस फ्लाईओवर के निर्माण पर करीब ₹326 करोड़ खर्च होंगे. निर्माण कार्य स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड द्वारा कराया जाएगा. इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है और काम EPC (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मोड पर होगा.
यह फ्लाईओवर करीब 3.5 किलोमीटर लंबा होगा और मौजूदा रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर के ऊपर से गुजरेगा. इसके बनने से हरमू चौक–सहजानंद चौक की ओर से आने वाली गाड़ियां सीधे कांके रोड की तरफ निकल सकेंगी, जिससे जाम से बड़ी राहत मिलेगी.
इन इलाकों में भी लाइन में हैं दो फ्लाईओवर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची की दो और बड़ी फ्लाईओवर परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है. इनमें शामिल हैं—
अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ होते हुए चापू टोली तक
1.75 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर
करमटोली चौक से मोराबादी, साइंस सिटी होते हुए चिरौंदी तक
3.21 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर
पथ निर्माण विभाग के अनुसार, दोनों परियोजनाओं की DPR तैयार हो चुकी है और जल्द ही इन पर काम शुरू होगा.
जाम से छुटकारा, सफर होगा सुपरफास्ट
अरगोड़ा फ्लाईओवर की चौड़ाई 10 मीटर होगी, जबकि नीचे की सड़क 7 मीटर चौड़ी रहेगी.
वहीं, करमटोली–चिरौंदी फ्लाईओवर में 516 मीटर का लिंक रोड भी शामिल है, जिससे रोजाना करीब 28,000 वाहन आसानी से गुजर सकेंगे.
इन तीनों फ्लाईओवर के बन जाने के बाद शहर में सफर न सिर्फ आसान होगा, बल्कि 40 मिनट का रास्ता सिर्फ 5 से 10 मिनट में तय किया जा सकेगा.


