चलती ट्रेन में लगी भीषण आग! टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो कोच जले, एक यात्री की मौत

2 Min Read
चलती ट्रेन में लगी भीषण आग! टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो कोच जले, एक यात्री की मौत
Spread the love

inlive247 Desk: आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. झारखंड से केरल जा रही टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस में मंगलवार को अचानक आग लग गई. इस हादसे में ट्रेन के दो कोच आग की चपेट में आ गए, जबकि एक यात्री की मौत हो गई. रेलवे ने घटना की पुष्टि की है.

रेलवे के मुताबिक, आग सबसे पहले एक कोच में लगी थी, जो कुछ ही देर में बगल के कोच तक फैल गई. ट्रेन झारखंड के टाटा (टाटानगर) से केरल के एर्नाकुलम की ओर जा रही थी. जब ट्रेन अनाकापल्ली के पास पहुंची, तभी एक कोच से धुआं उठता दिखा और देखते ही देखते आग भड़क उठी.

अचानक आग लगने से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई. घबराए यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया. मौके पर चीख-पुकार का माहौल बन गया और कई यात्री डर के कारण काफी देर तक सदमे में रहे.

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया और आग पर काबू पा लिया गया. एहतियात के तौर पर प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया है.

हादसे में जान गंवाने वाले यात्री की पहचान की जा रही है. वहीं, आग लगने की असली वजह क्या थी, इसका पता लगाने के लिए रेलवे ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं. प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं और उन्हें हर संभव मदद दी जा रही है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.

y

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *