मंईयां सम्मान योजना की बड़ी सौगात: नवंबर की किस्त खातों में पहुंची, चार जिलों में हल्की देरी, जानिए दिसंबर का पैसा कब मिलेगा
रांची: मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है. क्रिसमस त्योहार को ध्यान में रखते हुए नवंबर महीने की किस्त अब लाभुकों के खातों में ट्रांसफर होने लगी है. राज्य के ज़्यादातर जिलों में 2500 रुपये की राशि आधार सीडिंग के ज़रिए भेज दी गई है. अब केवल दिसंबर महीने की किस्त बाकी है, जिसे जारी करने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है.
चार जिलों में क्यों हुई देरी?
निदेशालय के अनुसार, राज्य के 24 में से 20 जिलों में 23 दिसंबर से ही राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी. हालांकि देवघर, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में कुछ तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से थोड़ी देरी हुई. इन जिलों में भी 24 दिसंबर की शाम से भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. भरोसा दिलाया गया है कि 25 दिसंबर तक इन चारों जिलों के लाभुकों को नवंबर महीने की किस्त मिल जाएगी.
दिसंबर की किस्त भी जल्द मिलेगी
सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के निदेशक विजय कुमार के मुताबिक, योजना के तहत फरवरी 2026 तक की राशि पहले से उपलब्ध है, इसलिए किस्त जारी करने में किसी तरह की परेशानी नहीं है.
क्रिसमस को देखते हुए नवंबर की किस्त पहले जारी की गई है, जबकि दिसंबर की किस्त जनवरी 2026 में सोहराय और टुसू पर्व के मौके पर देने की तैयारी है, ताकि त्योहार की खुशियों में और इजाफा हो सके.
रांची जिले में सबसे पहले पहुंचा पैसा
रांची जिला प्रशासन ने लाभुकों की सूची भी जारी कर दी है. जिले की 3 लाख 93 हजार 84 महिलाओं के खातों में आधार आधारित भुगतान के तहत 98 करोड़ 27 लाख 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए गए हैं.
बजट में भी पूरा इंतजाम
वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में राज्य सरकार ने मंईयां सम्मान योजना के लिए 13,363 करोड़ 35 लाख रुपये का प्रावधान किया था.
इसके अलावा दिसंबर 2025 के शीतकालीन सत्र में पेश किए गए दूसरे अनुपूरक बजट में 7,721.25 करोड़ रुपये रखे गए, जिसमें सबसे ज्यादा 2,082 करोड़ रुपये महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए तय किए गए, ताकि योजना के संचालन में कोई रुकावट न आए.
कब और कैसे शुरू हुई थी योजना?
यह योजना अगस्त 2024 से लागू है. शुरुआत में अगस्त से दिसंबर 2024 तक लाभुकों को हर महीने 1000 रुपये मिलते थे.
चुनाव के दौरान किए गए वादे के मुताबिक, सरकार बनने के बाद जनवरी 2025 से राशि बढ़ाकर 2500 रुपये प्रति माह कर दी गई.
होली के मौके पर एक साथ तीन महीने की किस्त यानी 7,500 रुपये भी दिए गए थे. फिलहाल नवंबर और दिसंबर की किस्त लंबित थी, लेकिन अब नवंबर की राशि जारी हो चुकी है और दिसंबर की बारी जल्द आने वाली है.


