RTE लॉटरी 2025 रिजल्ट: रांची के 32 स्कूलों में 62 बच्चों का चयन, 10 अक्टूबर तक नामांकन जरूरी
रांची में RTE (Right to Education) अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में 25% आरक्षित सीटों पर द्वितीय और अंतिम चरण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. शनिवार (27 सितंबर 2025) को हुई इस लॉटरी में 32 विद्यालयों से कुल 62 बच्चों का चयन हुआ.
पूरी पारदर्शिता के साथ हुई लॉटरी
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर यह लॉटरी पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुसार कराई गई. परियोजना निदेशक (समेकित अनुसूचित जनजाति अभिकरण) संजय कुमार भगत की अध्यक्षता में यह प्रक्रिया संपन्न हुई.
लॉटरी से पहले अभिभावकों से कहा गया था कि वे अपने घर से 0 से 6 किलोमीटर के भीतर स्थित किसी एक विद्यालय का चयन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से करें.
10 अक्टूबर तक जरूरी है नामांकन
इस चरण में चयनित बच्चों को अब 10 अक्टूबर 2025 तक संबंधित विद्यालय में नामांकन कराना अनिवार्य होगा.
मौके पर रहे अधिकारी
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

