झारखंड के 17 पुलिस अधिकारी और कर्मी आज होंगे सम्मानित, गृह मंत्रालय ने जारी की सूची
Ranchi: स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर झारखंड के 17 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को उनकी वीरता और उत्कृष्ट सेवा के लिए वीरता और सेवा पदक से सम्मानित किया गया है. गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार, 5 कर्मियों को वीरता पदक (जीएम), 1 को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक (पीएसएम) और 11 को सराहनीय सेवा पदक (एमएसएम) से सम्मानित किया जाएगा. झारखंड पुलिस राज्य में उग्रवादी संगठनों, संगठित आपराधिक गिरोहों और अन्य अपराधों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है.
वीरता पुरस्कार के लिए लातेहार जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान अदम्य साहस, बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा दिखाने के लिए एसआई विनय कुमार (तत्कालीन), हवलदार प्रमोद कुमार राय (तत्कालीन), कांस्टेबल वेद प्रकाश महतो, रामचंद्र कुमार महतो और कृष्णा मुर्मू को सम्मानित किया गया है. आपको बता दें कि 4 जून 2018 को लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के जोबे गांव के पास पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में एक कुख्यात उग्रवादी मारा गया और हथियार व गोलियां बरामद की गईं.
एचजी कैलाश कुमार श्रेष्ठ को विशिष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया है. डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, डीएसपी मनोज कुमार रॉय, इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी, एएसआई दीपक पुंज, महेंद्र महतो, एचजी विजय थापा, रंजीता कुजूर, कांस्टेबल विदेशी मांझी, अजय कुमार दुबे, पुष्पा ओरिया और दीपक कुमार सिंह को सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया है.
