Inlive247 Desk: लखनऊ स्थित आयकर कार्यालय में गुरुवार शाम आईआरएस अधिकारी डिप्टी कमिश्नर गौरव गर्ग पर हमला कर दिया गया. हमला किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि कार्यालय के ही एक वरिष्ठ अधिकारी ने किया. पानी के गिलास और पेपर वेट से बार-बार किए गए हमलों में उनके सिर और चेहरे पर चोटें आईं. शोर सुनकर कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बीच-बचाव कर आयकर उपायुक्त को कमरे से बाहर निकाला और हजरतगंज पुलिस को सूचना दी. उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया. हमले का आरोप ज्वाइंट कमिश्नर स्तर के अधिकारी पर लगाया गया है. पीटे गए आईआरएस अधिकारी की पत्नी आईपीएस अधिकारी रवीना त्यागी लखनऊ में डीसीपी इंटेलिजेंस के पद पर तैनात हैं.
2016 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं गौरव गर्ग
गौरव गर्ग 2016 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं. सूत्रों के मुताबिक कानपुर में तैनाती के दौरान गौरव गर्ग और ज्वाइंट कमिश्नर के बीच किसी आरटीआई को लेकर कहासुनी शुरू हो गई थी. वरिष्ठ अधिकारी ने बीच-बचाव किया लेकिन तब तक मामला बढ़ चुका था. दोनों के बीच जोरदार बहस के बीच मारपीट भी हुई. आरोप है कि ज्वाइंट कमिश्नर ने पानी से भरा गिलास गौरव गर्ग पर फेंक दिया. हाथापाई के दौरान उनकी अंगूठी गौरव गर्ग के चेहरे पर लगी. हंगामा शुरू हुआ तो कर्मचारी भी वहां पहुंच गए. किसी को समझ में नहीं आ रहा था कि वरिष्ठ अधिकारियों के बीच विवाद को कैसे शांत किया जाए. वरिष्ठ अधिकारी का दरवाजा खुलवाकर जब दूसरे अधिकारी कमरे में पहुंचे तो मारपीट हो रही थी. गौरव के चेहरे, सिर और हाथ पर चोटें थीं. उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया. हजरतगंज पुलिस को सूचना दी गई.
जानिए या है पूरा मामला
सूत्रों के मुताबिक डिप्टी कमिश्नर गौरव गर्ग के पास वरिष्ठ अधिकारी की जांच है. कुछ समय पहले वरिष्ठ अधिकारी का तबादला उत्तराखंड के काशीपुर में हो गया था. गुरुवार को ज्वाइंट कमिश्नर जांच के सिलसिले में आयकर कार्यालय आए थे. वरिष्ठ अधिकारी को संदेह है कि उनका तबादला गौरव गर्ग की वजह से हुआ है. हालांकि शुक्रवार को एक वरिष्ठ अधिकारी की विदाई होनी है. उसमें संयुक्त आयुक्त को भी शामिल होना था.
डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव के मुताबिक आयकर भवन में आईआरएस अधिकारी गौरव गर्ग के साथ मारपीट की गई. उनका सिविल अस्पताल में इलाज कराया गया है. शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
अखिलेश यादव का तंज, भाजपा सरकार में अफसर बनाम अफसर
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मारपीट पर तंज कसा है. अखिलेश ने ट्विटर पर लिखा कि भाजपा सरकार में अब तक पुलिस बनाम पुलिस थी, अब अफसर बनाम अफसर हो गई है. लखनऊ में एक मामला सामने आया है, जिसमें एक आईआरएस अधिकारी को आयकर अधिकारी ने बंधक बनाकर पीटा. इसकी जांच होनी चाहिए और पता लगाया जाना चाहिए कि आईपीएस अधिकारी के पति के साथ ऐसी घटना क्यों हुई और इसके तार कौन-कौन से लोगों से जुड़े हैं.