हवाई यात्रा करने वालों के लिए जरूरी खबर, अब तीन घंटे पहले पहुंचे एयरपोर्ट, निर्देश जारी

Spread the love

Inlive247 Desk: भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव को देखते हुए सभी एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार सभी एयरपोर्ट पर यात्रियों की सेकेंडरी लैडर प्वाइंट चेकिंग की जाएगी. इस संबंध में एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ट्वीट कर यात्रियों को विमान के रवाना होने से 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने का निर्देश दिया है.

75 मिनट पहले चेक-इन बंद कर दिया जाएगा

एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा है कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने के संबंध में नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो के आदेश के मद्देनजर देशभर के यात्रियों को विमान के रवाना होने से 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी जाती है. प्रस्थान से 75 मिनट पहले चेक-इन बंद कर दिया जाएगा. नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार टर्मिनल बिल्डिंग में आगंतुकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. इसके अलावा एयर मार्शल की भी तैनाती की जाएगी.

रांची एयरपोर्ट पर हो रही विशेष जांच

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सभी लोगों की विशेष जांच की जा रही है. सीआरपीएफ जवान ने बताया कि आतंकी हमले के बाद एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सुरक्षा बरती जा रही है. एयरपोर्ट पार्किंग में प्रवेश करने वाले यात्रियों के वाहनों और सामान की जांच कल गुरुवार से शुरू कर दी गई है. खोजी कुत्तों की भी मदद ली जा रही है. रांची एयरपोर्ट से रोजाना दिल्ली, मुंबई, भुवनेश्वर, कोलकाता, हैदराबाद, चेन्नई, बेंगलुरु, पटना और पुणे के लिए 25 से 27 फ्लाइट उड़ान भरती हैं.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top