IPL के जिस ‘चंपक’ के साथ खेल रहे थे माही, उसपर मुकदमा दर्ज, कानूनी पचड़े में फंसा BCCI, दिल्ली हाईकोर्ट में होगी सुनवाई

3 Min Read
Spread the love

IPL 2025: आईपीएल में जिस रोबोटिक कैमरे के साथ माही खेल रहे थे, वह अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. दरअसल, दिल्ली प्रेस ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि बीसीसीआई ने रोबोटिक कैमरे का नाम चंपक रखकर पंजीकृत ट्रेडमार्क नियमों का उल्लंघन किया है. दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को चंपक मैगजीन द्वारा दायर ट्रेडमार्क उल्लंघन याचिका पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को नोटिस जारी किया. याचिका में आरोप लगाया गया है कि बीसीसीआई ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हाल ही में पेश किए गए एआई रोबोट डॉग का नाम “चंपक” रखकर उनके पंजीकृत ट्रेडमार्क का उल्लंघन किया है.

चार सप्ताह में मांगा जवाब

जस्टिस सौरभ बनर्जी ने कहा कि चंपक हमेशा से एक मौजूदा ब्रांड नाम रहा है और बीसीसीआई को याचिका के जवाब में चार सप्ताह के भीतर अपना लिखित जवाब दाखिल करने को कहा. कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 9 जुलाई को तय की है. याचिका दिल्ली प्रेस पत्र प्रकाशन प्राइवेट लिमिटेड ने दायर की है जो 1968 से चंपक पत्रिका का प्रकाशन कर रहा है.

बीसीसीआई के वकील ने किया विरोध

प्रकाशक की ओर से पेश हुए वकील अमित गुप्ता ने कहा कि रोबोट कुत्ते का नाम ‘चंपक’ रखना उसके पंजीकृत ट्रेडमार्क का उल्लंघन है और साथ ही इसका व्यावसायिक दोहन भी है, क्योंकि चंपक एक जाना-माना ब्रांड है. हालांकि, बीसीसीआई की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील जे साई दीपक ने इस याचिका का विरोध किया. उन्होंने कहा कि चंपक एक फूल का नाम है और लोग रोबोट कुत्ते को पत्रिका से नहीं बल्कि टीवी सीरीज के एक किरदार से जोड़ रहे हैं.

सुनवाई के दौरान जज ने मौखिक रूप से कहा कि क्रिकेटर विराट कोहली का निकनेम ‘चीकू’ है, जो चंपक पत्रिका के किरदारों में से एक है. उन्होंने पूछा कि प्रकाशक ने उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की? कोर्ट द्वारा यह पूछे जाने पर कि यह ट्रेडमार्क का उल्लंघन कैसे है, प्रकाशक की ओर से पेश हुए वकील ने कहा कि आईपीएल एक व्यावसायिक संस्था है और यह विज्ञापन, मार्केटिंग और कमाई पर आधारित है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *