BIG BREAKING: बिजनेसमैन गौतम अडानी पहुंचे रांची, मुख्यमंत्री आवास पर सीएम हेमंत से चल रही बातचीत

Spread the love

Ranchi: इस वक्त की बड़ी खबर राजधानी रांची से सामने आ रही है. देश के बड़े बिजनेसमैन गौतम अडानी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे है. जहां सीएम हेमन्त सोरेन से बातचीत हो रही है. मिली जानकारी के मुताबिक झारखंड में उद्योग से जुड़े कई मुद्दों पर दोनों के बीच बातचीत चल रही है. गौरतलब है की कुछ दिन पहले ही सीएम हेमंत बंगाल गए थे जहां झारखंड में उद्योग की संभावनाओं की चर्चा की थी.

मुलाकात का वीडियो मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है. इस पोस्ट के साथ लिखा गया है, “अडानी समूह के चेयरमैन उद्योगपति गौतम अडानी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में औपचारिक मुलाकात की. इस अवसर पर झारखंड में निवेश से जुड़े कई विषयों पर चर्चा हुई.” गौतम अडानी शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे विशेष विमान से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे और इसके बाद सीधे सीएम आवास पहुंचे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका औपचारिक स्वागत किया.

उद्योगपति अडानी ने सोरेन को दोबारा मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी. विभिन्न विषयों पर चर्चा के बाद वे रात करीब साढ़े दस बजे सीएम आवास से बाहर निकले और सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए. झारखंड के गोड्डा में अडानी समूह द्वारा 1600 मेगावाट का अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है. साथ ही अडानी समूह ने गोड्डा जिले के मोतिया गांव में 40 लाख टन क्षमता की सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट लगाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है. इस परियोजना में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होने की योजना है, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 2,500 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल ही में कोलकाता में आयोजित ग्लोबल बिजनेस समिट में देश भर के उद्योगपतियों और निवेशकों से झारखंड में निवेश करने का आह्वान किया था. उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार राज्य के विकास के लिए निवेश से जुड़ी परियोजनाओं को पूरा सहयोग देगी.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top