खूंटी में पिकनिक मना लौट रही स्कूल बस ट्रक से टकराई, 20 से अधिक बच्चे घायल, 3 की स्थिति गंभीर

2 Min Read
Spread the love

Khunti : खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर मरचा भालूटोली गांव के समीप पिकनिक से लौट रहे स्कूली बच्चों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. हादसे में 20 से अधिक बच्चे घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल तीन बच्चों को सदर अस्पताल खूंटी रेफर कर दिया गया. जबकि अन्य घायलों का इलाज तोरपा रेफरल अस्पताल में चल रहा है. घायलों में छह से 14 वर्ष के बच्चे शामिल हैं.

बताया जाता है कि एएसके इंग्लिश मीडियम स्कूल रनिया के करीब 100 बच्चे बस में सवार होकर अपने शिक्षकों के साथ शुक्रवार की सुबह पिकनिक मनाने बाघमुंडा बसिया गए थे. दिनभर मौज-मस्ती करने के बाद शाम को वे रनिया लौट रहे थे. रास्ते में भालूटोली गांव के समीप बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. टक्कर लगते ही अंदर बैठे बच्चे आगे की सीटों से टकराकर बस के फर्श पर गिर गए. इसके बाद चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों व राहगीरों की मदद से बच्चों को बस से बाहर निकाला गया. सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से इलाज के लिए तोरपा रेफरल अस्पताल भेजा गया. सूचना मिलते ही तोरपा पुलिस मौके पर पहुंची. हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *