रांची के नामकुम में अपराधियों ने मुखिया को मारी गोली, हालत गंभीर, मेडिका में चल रहा इलाज

Spread the love

Ranchi : रांची से एक बड़ी खबर आ रही है. नामकुम थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने मुखिया को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना गुरुवार की सुबह नामकुम थाना क्षेत्र स्थित हाहाप के चरनाबेड़ा की है, जहां अपराधियों ने हाहाप पंचायत के मुखिया नन्हे कच्छप को गोली मार दी. मिली जानकारी के अनुसार मुखिया गुरुवार की सुबह टहलने के लिए अपने घर से निकले थे, इसी दौरान घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

इस घटना में मुखिया के चेहरे पर गोली लगी है. घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल मुखिया को मेडिका भेजा गया. जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी है. किस विवाद में मुखिया को गोली मारी गई? अभी तक इसके पीछे की असली वजह सामने नहीं आ पाई है. लेकिन नामकुम इलाके में हमेशा से जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी होती रही है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मुखिया को जमीन विवाद को लेकर गोली मारी गई है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top