पलामू एक्सप्रेस और वंदे भारत का समय बदला, जानें किस स्टेशन पर कब पहुंचेंगी दोनों ट्रेनें

Spread the love

Palamu: रेलवे ने वर्ष 2025 की पहली तारीख से कई ट्रेनों के समय में बदलाव करने की घोषणा की है. इनमें टाटा पटना वंदे भारत एक्सप्रेस और पलामू एक्सप्रेस भी शामिल हैं, जो पलामू के इलाके के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जाती हैं. रेलवे स्टेशन पर यह बदलाव लागू किया गया है, जहां दोनों ट्रेनों के समय में संशोधन किया गया है. पूर्व मध्य रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार टाटा पटना वंदे भारत एक्सप्रेस (21893) अब गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन पर सुबह 11:45 बजे पहुंचेगी और 11:50 बजे रवाना होगी. वहीं पलामू एक्सप्रेस अब गढ़वा रोड पर दोपहर 1:50 बजे पहुंचेगी और 1:55 बजे रवाना होगी.

पलामू एक्सप्रेस ट्रेन झारखंड के विभिन्न हिस्सों को बिहार की राजधानी पटना से जोड़ती है और स्थानीय यात्रियों के लिए लाइफलाइन मानी जाती है. वंदे भारत सप्ताह में एक बार चलती है, जबकि पलामू एक्सप्रेस रोजाना चलती है. वंदे भारत एक्सप्रेस हर रविवार को पलामू से गुजरती है और सोमवार को पटना से टाटा के लिए रवाना होती है. यह ट्रेन रविवार को सुबह 5:30 बजे टाटानगर से खुलेगी और 10:42 बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन पहुंचेगी. इसके बाद 11:45 बजे गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन पहुंचेगी. पलामू एक्सप्रेस प्रतिदिन चलती है, जो बरकाकाना से पटना होते हुए राजगीर तक जाती है. यह ट्रेन डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर 12:30 बजे, लालगढ़ रेलवे स्टेशन पर 12:58 बजे, गढ़वा रोड पर 1:50 बजे, उंटारी रोड पर 2:12 बजे, मोहम्मदगंज पर 2:25 बजे, हैदर नगर पर 2:38 बजे और जपला रेलवे स्टेशन पर 2:48 बजे पहुंचेगी. पूर्व मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने यह जानकारी साझा की और यात्रियों को समय सारिणी में बदलाव की जानकारी दी.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top