जम्मू-कश्मीर : 350 फीट खाई में गिरा सेना का वाहन, 5 सैनिकों की गई जान, कई घायल

Spread the love

Accident In Jammu & Kashmir : जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया. अधिकारियों ने बताया कि जिले के मेंढर इलाके के बलनोई इलाके में सेना का एक वाहन रास्ता भटक कर खाई में गिर गया. बताया जा रहा है कि इस घटना में कई जवान घायल हुए हैं. सूचना मिलते ही सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया और घायल जवानों को अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की. इलाज के दौरान 5 जवानों की मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि इस वाहन में 8 से 9 जवान सवार थे, जिनमें से 5 की मौत हो गई है और बाकी का इलाज किया जा रहा है. नीलम मुख्यालय से बलनोई घोरा पोस्ट जा रहा 11 एमएलआई का सैन्य वाहन जैसे ही घोरा पोस्ट पर पहुंचा, दुर्घटनाग्रस्त हो गया. वाहन करीब 300-350 फीट गहरी खाई में गिर गया. सूचना मिलते ही 11 एमएलआई की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया.

मामले की जारकारी देते हुए भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, “#WhiteKnightCorps के सभी रैंक पुंछ सेक्टर में ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान वाहन दुर्घटना में पांच बहादुर सैनिकों की दुखद मौत पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. बचाव अभियान जारी है और घायल कर्मियों को चिकित्सा देखभाल मिल रही है.”

पिछले महीने भी हुए थे ऐसे ही हादसे

पिछले महीने भी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में इसी तरह के हादसे में एक जवान की मौत हो गई थी और एक अन्य घायल हो गया था. 4 नवंबर को कालाकोट के बडोग गांव के पास हुए हादसे में नायक बद्री लाल और सिपाही जय प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था. हालांकि, बद्री लाल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. 2 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में एक कार के पहाड़ी सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिरने से एक महिला और उसके 10 महीने के बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top