हजारीबाग के मटवारी गांधी मैदान में लगे डिज्नीलैंड मेले में लगी भीषण आग, 12 लाख का सामान जलकर राख

Spread the love

Hazaribagh : हजारीबाग के मटवारी गांधी मैदान में लगे डिज्नीलैंड मेले में बुधवार की रात आग लग गई. इस आगलगी से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. घटना को लेकर बताया जा रहा कि आग की लपटों ने सभी टेंट को अपनी चपेट में ले लिया. अबतक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. जिसकी जांच की जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही कोर्रा थाना प्रभारी शमशेर बहादुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी. घटनास्थल पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

जिला अग्निशमन पदाधिकारी शैलेंद्र किशोर ने बताया कि मेला खत्म हो चुका था. लेकिन टेंट गांधी मैदान में ही पड़ा हुआ था. इस घटना के कारण टेंट हाउस के बांस की बल्ली, प्लास्टिक, कपड़ा, तिरपाल, चादर समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लोग टायर जलाकर खुद को गर्म कर रहे थे. खुद को गर्म करने के बाद उन्होंने टायर को वहीं फेंक दिया, जहां मेला लगा हुआ था. जिससे आग सामान में फैल गई और पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया.

12 लाख का हुआ नुकसान

वहीं घटना को लेकर मेले के संचालक ने बताया कि 10 से 12 लाख का नुकसान हुआ है. उन्होंने बताया कि डिज्नीलैंड मेले को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा था. इसी दौरान सामान में आग लग गई.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top