Jharkhand Foundation Day 2024 : राष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत अन्य नेताओं ने झारखंड स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं

3 Min Read
Jharkhand Foundation Day 2024 : राष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत अन्य नेताओं ने झारखंड स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं
Spread the love

Jharkhand Foundation Day 2024: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को देश के प्रमुख नेताओं ने झारखंड के लोगों को बधाई दी और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष गंगवार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य के निर्माण और आदिवासी समाज के संघर्ष की सराहना की.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “झारखंड राज्य के स्थापना दिवस और रजत जयंती वर्ष पर सभी को हार्दिक बधाई! भगवान बिरसा मुंडा, वीर सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, तिलका मांझी, नीलांबर-पीतांबर जैसे अनेक वीरों ने झारखंड की धरती को गौरवान्वित किया है. प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर इस राज्य के लोगों ने देश की प्रगति में अमूल्य योगदान दिया है. मेरी कामना है कि झारखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छुए और यहां के निवासियों का भविष्य उज्ज्वल हो.”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी झारखंड के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “झारखंड के मेरे सभी भाइयों और बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. आदिवासी समाज के संघर्ष और बलिदान से सिंचित इस धरती ने हमेशा देश को गौरवान्वित किया है. मेरी कामना है कि प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण यह राज्य प्रगति के पथ पर तेज गति से आगे बढ़े.” भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देते हुए पीएम मोदी ने कहा, “भगवान बिरसा मुंडा जी ने मातृभूमि के सम्मान और गौरव की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया. मैं उनकी जयंती ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के पावन अवसर पर उन्हें नमन करता हूं.”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा, ‘‘भारत झारखंड के लोगों की सभ्यता और अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है.’’ उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्ष को नमन किया, जो आज भी आदिवासी समाज को प्रेरणा देता है.

राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा, “प्राकृतिक सौंदर्य से सुशोभित और खनिज संपदा से भरपूर इस राज्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं.” भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि उनका त्याग और संघर्ष हमें सदैव प्रेरणा देता रहेगा. राज्यपाल ने सभी प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की.

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी ट्विटर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और लिखा, “आज हमारे लिए एक विशेष दिन है – धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राज्य स्थापना दिवस. हमारी समृद्ध संस्कृति, आदिवासी, स्वदेशी विरासत और प्राकृतिक संपदा हमारी पहचान, हमारा गौरव है.”

इस अवसर पर राज्य भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिसमें झारखंड के ऐतिहासिक योगदान और आदिवासी समाज के संघर्ष को याद किया गया.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *