Muzaffarnagar : यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में बुधवार की रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में 2.25 लाख रुपये का इनामी बदमाश मारा गया. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक मारा गया बदमाश बिहार का रहने वाला था. उत्तर प्रदेश और बिहार की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने मुजफ्फरनगर के रतनपुरी इलाके में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया.
यूपी और बिहार एसटीएफ का संयुक्त ऑपरेशन
अपर पुलिस महानिदेशक (उत्तर प्रदेश एसटीएफ एवं कानून व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले नीलेश राय के खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी समेत 16 मामले दर्ज थे. यश ने बताया कि बुधवार को संयुक्त ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश एसटीएफ और बिहार एसटीएफ की नोएडा इकाई की मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र में अपराधियों के साथ मुठभेड़ हुई. उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में बिहार का कुख्यात अपराधी नीलेश राय गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. बिहार में मुठभेड़ में वांछित गैंगस्टर मारा गया
अधिकारी ने बताया कि नीलेश बेगूसराय का रहने वाला था और बिहार सरकार ने उसके सिर पर 2.25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. उन्होंने बताया कि 24 फरवरी को जब पुलिस की एक टीम ने बेगूसराय में उसके ठिकाने पर छापा मारा तो राय ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी और फरार हो गया. उन्होंने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: Jharkhand Weather : अभी सताएगी गर्मी, कल से रांची समेत कई जिलों का पारा 40 के पार
