विष्णुगढ़ कांड पर BJP का अल्टीमेटम, 2 अप्रैल तक गिरफ्तारी नहीं तो 3 अप्रैल को करेंगे झारखंड बंद

Spread the love

झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है. इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सरकार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है.

राज्य की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने सोमवार को जानकारी देते हुए कहा कि यदि 2 अप्रैल तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 3 अप्रैल को पूरे झारखंड में बंद का आह्वान किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर लिया गया है. प्रतुल शाहदेव ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में अब आम नागरिक, खासकर बेटियां, सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस संवेदनशील मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि पीड़िता के पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उनके यात्रा की व्यवस्था बीजेपी द्वारा कराई गई.

हजारीबाग बंद के दौरान कई स्थानों पर किया गया सड़क जाम

बीजेपी नेताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि शासन प्रशासन जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देता, तो ऐसी घटनाएं नहीं होतीं. पार्टी ने चेतावनी दी है कि न्याय नहीं मिलने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा. इस घटना के विरोध में 30 मार्च को हजारीबाग बंद का आह्वान किया गया था, जिसका व्यापक असर देखने को मिला. जिले में बाजार पूरी तरह बंद रहे और कई स्थानों पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया. कार्यकर्ता आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़कों पर उतरे. इस दौरान सांसद और विधायक भी आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल रहे.

वहीं, राज्य सरकार की ओर से वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने हजारीबाग पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top