Jharkhand Weather: रांची समेत कई जिलों में आंधी-बारिश, ओलावृष्टि का अलर्ट जारी
Jharkhand Weather: झारखंड में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में आंधी-बारिश का असर देखने को मिला. दोपहर बाद से ही आसमान में बादल छाने लगे और शाम होते-होते राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. रांची समेत रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा और खूंटी में तेज आंधी के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई. वहीं सिमडेगा और गुमला में हल्की बूंदाबांदी हुई. इसके अलावा पलामू और लातेहार के कुछ इलाकों में भी तेज हवा चली, जिससे मौसम सुहाना हो गया.
अगले 24 घंटों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्यभर के लिए अगले 24 घंटों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई इलाकों में वज्रपात (आकाशीय बिजली) की भी संभावना जताई गई है. मौसम केंद्र के अनुसार, 2 अप्रैल तक झारखंड में गरज के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची समेत चतरा, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है. वहीं कुछ जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है.
70 किमी/घंटा की रफ्तार से चली हवाएं
शुक्रवार शाम रांची में तेज बारिश के साथ 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली. तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़कों पर चल रहे लोग अचानक मौसम बदलने से सुरक्षित स्थान की तलाश करते नजर आए.
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और बांग्लादेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है. इसके साथ ही बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल होते हुए मणिपुर तक एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. यही सिस्टम झारखंड के मौसम को प्रभावित कर रहा है, जिससे आंधी-बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन रही है.

